
बरवाला क्षेत्र के नजदीकी गाँव में एक बुजुर्ग महिला पर उसके पोते और बहू ने हमला कर दिया। घटना गांव बुढ़ाखेड़ा की है। पीड़िता चांदा देवी(70) अपने बेटे राजेंद्र के साथ रहती हैं। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर पर खाना खा रही थी बुजुर्ग महिला
24 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे चांदा देवी घर पर खाना खा रही थीं। उनका बेटा रामफल भी वहीं मौजूद था। इसी दौरान उनका पोता सुनील (स्वर्गीय कृष्ण उर्फ पप्पू का बेटा) नशे में धुत होकर घर आया। वह झगड़ा करने लगा और रामफल को धक्का देकर गिरा दिया।
शोर सुनकर पहुंचे लोग, मां-बेटा फरार
इसी बीच सुनील की मां चमेली भी वहां आ गई। उसने हाथ में पकड़े चटनी कूटने वाले घोटे से चांदा देवी के सिर पर वार कर दिया। शोर सुनकर लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। घायल चांदा देवी को पहले उकलाना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें बरवाला और फिर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर चमेली और सुनील के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।