
हिसार जिले के बरवाला शहर में मोबाइल टावर के विरोध में महिलाएं सड़कों पर उतर आईं। वार्ड नंबर 19 में दौलतपुर रोड पर टावर लगाने का काम शुरू होते ही स्थानीय महिलाओं ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने टावर की नींव में मिट्टी और पत्थर डालकर निर्माण कार्य रोक दिया।
मंत्री रणबीर गंगवा से कर चुकी मुलाकात
स्थानीय महिलाओं का कहना है कि वे पहले ही बरवाला थाना प्रभारी और एसडीएम को मामले की शिकायत कर चुकी हैं। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा से भी मुलाकात की, लेकिन कहीं से कोई समाधान नहीं मिला।
लोगों की सहमति के बिना लगाया जा रहा
प्रदर्शनकारी महिलाओं की चिंता है कि टावर से निकलने वाले रेडिएशन से स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ेगा। उनका मानना है कि इससे इलाके में गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं। महिलाओं का आरोप है कि स्थानीय लोगों की सहमति के बिना टावर लगाया जा रहा है।
टावर की अनुमति रद्द करने की मांग
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से टावर की अनुमति रद्द करने की मांग की है। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगी। फिलहाल टावर का निर्माण कार्य रुका हुआ है, लेकिन विरोध प्रदर्शन जारी है।