
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने बुधवार को हिसार जिले के बरवाला में भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। ब्राह्मण धर्मशाला में हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने भगवान परशुराम को भगवान विष्णु का अवतार बताते हुए उनके त्याग, शौर्य और धर्म रक्षा के संकल्प की सराहना की।
संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा पर जोर
मंत्री ने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन मानवता की सेवा और समाज की भलाई का संदेश देता है। उन्होंने शस्त्र और शास्त्र दोनों की शिक्षा को समय की मांग बताते हुए धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा पर जोर दिया। गंगवा ने सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में सरकार सामाजिक समरसता और सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता
शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार संत-महापुरुषों की जयंती को सम्मान के साथ मनाने और धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। धर्मशालाओं के निर्माण और धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
संत पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत
इसके अतिरिक्त कैबिनेट मंत्री ने लाडवा गांव में भगवान परशुराम जयंती कार्यक्रम में शिरकत की और ग्रामवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने ऐच्छिक कोटे से भगवान परशुराम धर्मशाला के निर्माण के लिए 11 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संत-महापुरुष पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और किसी एक जाति तक सीमित नहीं हैं।
मंत्री ने हरियाणा सरकार की पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि पारंपरिक मूल्यों को सहेजते हुए आधुनिक विकास की दिशा में उठाए गए कदमों ने हरियाणा को देश में अग्रणी राज्य बनाया है।