जींद में 3 युवकों की मौत:2 बाइकों की आमने-सामने की टक्कर; मरने वालों में 2 स्टूडेंट परिवार के इकलौते
![](https://merablock.com/wp-content/uploads/2024/01/Add-a-heaing-300x95.jpg)
![सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम रूम के बाहर मौजूद मृतकों के परिजन। - Dainik Bhaskar](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2024/01/29/ezgif-7-5b598cb0a6_1706515927.gif)
हरियाणा के जींद में 2 बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई। 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि तीसरे ने रोहतक PGI जाते हुए दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीनों युवकों के शव पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिए।
मृतकों की पहचान ईगराह के रहने वाले प्रिंस (15) और उसके दोस्त विकास के रूप में हुई है। दोनों एक ही बाइक पर थे। ईगराह गांव का ही जगबीर (24) दूसरी बाइक पर था।
![मृतक जगबीर पेट्रोल पंप पर ड्यूटी कर लौट रहा था।](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2024/01/29/whatsapp-image-2024-01-29-at-132731_1706515943.jpeg)
गांव ईगराह में हुआ हादसा
रविवार रात करीब 9 बजे प्रिंस और विकास बाइक पर सवार होकर गांव ईगराह बस अड्डे के पास आ रहे थे। जगबीर बाइक पर शहर से गांव की तरफ आ रहा था। गांव के गोदाम के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। प्रिंस, विकास और जगबीर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तीनों युवकों को संभाला तो प्रिंस और जगबीर की मौके पर मौत हो चुकी थी। विकास की सांसें चल रही थी। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक रेफर कर दिया। PGI ले जाते हुए ही विकास की भी मौत हो गई।
![सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम रूम के बाहर मौजूद जगबीर और प्रिंस के परिजन।](https://images.bhaskarassets.com/web2images/521/2024/01/29/8adde9fc-01f6-4aae-bd6b-f5b58b8508e21706508481545_1706516039.jpg)
11वीं कक्षा का छात्र था प्रिंस
ईगराह गांव निवासी प्रिंस 11वीं कक्षा में पढ़ता था। प्रिंस के पिता रोहताश जींद के लोक संपर्क विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। प्रिंस 2 बहनों का इकलौता भाई था। प्रिंस की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
इकलौता बेटा था विकास
ईगराह गांव निवासी विकास भी प्रिंस के साथ ही स्कूल में पढ़ता था। विकास के पिता श्याम सिंह गुरुग्राम में प्राइवेट गनमैन की नौकरी करते हैं। विकास भी परिवार का इकलौता चिराग था। रविवार की रात को एक साथ तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत से पूरे गांव में मातम छा गया।
पेट्रोल पंप पर नौकरी करता था जगबीर
गांव ईगराह निवासी जगबीर जींद के निर्जन गांव में पेट्रोल पंप पर नौकरी करता था और रविवार देर शाम को वह ड्यूटी से घर की तरफ लौट रहा था, तभी प्रिंस और विकास की बाइक के साथ टक्कर हो गई। जगबीर के पिता कश्मीर भी प्राइवेट काम करते हैं।