
फतेहाबाद से उकलाना जा रही हरियाणा रोडवेज की बस का बीती रात को एक्सीडेंट हो गया। सिरसा-चंडीगढ़ मुख्य रोड पर गांव सनियाना के पास एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। बस यात्रियों से भरी हुई थी। हादसे में ड्राइवर जहां गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं कुछ अन्य यात्रियों को भी चोटें लगी हैं।
सनियाना के पास पेड़ से टकराने से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस ड्राइवर सीट और पेड़ के बीच फंस गया। राहगीरों ने ड्राइवर को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में क्रेन की मदद से उसको बाहर निकाला गया। वह करीब आधे घंटे तक सीट पर ही फंसा रहा।
गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को उकलाना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। बस में सवार कई यात्री भी घायल हुए हैं। उन्हें उकलाना और भुना के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना भुना बस स्टैंड से यात्रियों को उतारने के बाद हुई। हादसे के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और राहत कार्य में जुट गई। कई यात्री हल्की चोटों के बावजूद डर और घबराहट में हैं।