हिसार में एक महिला ने बॉयफ्रेंड से ही अपने पति का कत्ल करवा दिया। आरोपी अविवाहित है और महिला दो बच्चों की मां। रॉड से हमला कर इस वारदात को अंजाम दिया गया। दोनों की कॉल डिटेल्स और लोकेशन से मामला खुलासा हुआ है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की है। हत्या में शामिल मृतक की पत्नी को भी हिरासत में लिया गया है। गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
रॉड से सिर पर किए थे कई वार जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी को गांव पाबड़ा के खेतों में हरिकेश उर्फ पप्पू (45) का शव मिला था। उसके सिर व शरीर के अन्य स्थान पर कई चोटों के निशान थे। वह कारपेंटर का काम करता था। वह सुबह करीब 6 बजे घर से पाबड़ा-कंडूल रोड पर स्थित अपने खेत में ज्योत लगाने के लिए साइकिल पर सवार होकर गया था। 3-4 घंटों के बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटा तो उसका चचेरा भाई उसे देखने खेत में गया।
खेतों में हरिकेश अचेत अवस्था में पड़ा था। उसकी साइकिल ठीक हालत में थी। परिजन हरिकेश को बरवाला के एक निजी अस्पताल में ले आए। यहां से उसे हिसार भेज दिया। नागरिक अस्पताल के डॉक्टरों ने हरिकेश को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने महिला की कॉल डिटेल्स खंगाली तो खुला राज उकलाना थाना प्रबंधक SI गुरमिंदर सिंह ने बताया कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की की। शुरूआती जांच में मृतक हरिकेश उर्फ पप्पू कुंडली खंगाली। उसके परिवार में पत्नी मोनिका के अलावा 14 का बेटा और 10 साल की बेटी है। उसकी मां भी उसके साथ रहती है।
पुलिस ने उसकी पत्नी मोनिका की कॉल डिटेल्स खंगाली तो उसमें एक मोबाइल नंबर ऐसा मिला, जिस पर कई बार बात होती थी। दिन के अलावा रात में भी बातचीत की गई थी। इस नंबर को ट्रेस किया गया तो वह गांव पाबड़ा के ही जमींदार कपिल का निकला।
साथ ही इस नंबर की लोकेशन निकाली गई तो वह हरिकेश की हत्या वाले दिन उसी जगह मिली। इन सबूतों के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। इसके बाद मोनिका को भी हिरासत में ले लिया गया है।
दोस्ती की, घर-आना जाना हुआ तो बन गए प्रेम संबंध उकलाना थाना प्रबंधक SI गुरमिंदर सिंह के मुताबिक आरोपी कपिल ने पूछताछ में कई बातें बताईं। कपिल ने बताया कि गांव का ही होने के कारण वह हरिकेश को अच्छी तरह जानता था। उसकी पत्नी मोनिका को भी देखा था। वह उसे पसंद आ गई थी। उसने हरिकेश से दोस्ती की और उसके घर आना-जाना शुरू कर दिया।
इसी दौरान उसने हरिकेश की पत्नी मोनिका से नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दी थी। फोन पर भी दोनों में बातचीत शुरू हो गई थी। दो बच्चों की मां होने के बावजूद वह भी अविवाहित कपिल को दिल दे बैठी थी। दोनों में घंटों बातें होतीं। पुलिस की माने तो दोनों में संबंध भी बन गए थे।
एक साथ कैसे रहें? इस सवाल पर बनी हत्या की प्लानिंग उकलाना थाना प्रबंधक के मुताबिक दोनों का प्रेम लगातार प्रगाढ़ होता जा रहा था। दोनों शादी कर एकसाथ रहना चाहते थे। समस्या था कि हरिकेश इस मामले से अनजान था। उसे पता चल गया तो क्या होगा। यह बात सोचकर दोनों परेशान रहने लगे। इस पर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार कपिल को उसकी प्रेमिका ने 28 फरवरी को बताया कि उसका पति हरिकेश 28 फरवरी को खेत में अकेला गया है। हरिकेश अपने खेत में बनी पूर्वजों की मढ़ी पर दीपक जलाने गया है। बस यहीं मौका कपिल तलाश रहा था। वह भी हरिकेश के पीछे खेत पर पहुंच गया और पीछे से सिर में रॉड मारकर हत्या कर दी।
अब बूढ़ी मां के सहारे दोनों बच्चों हरिकेश की हत्या हो चुकी है। उसकी पत्नी मोनिका को पुलिस उसी की हत्या की साजिश रचने के आरोप में हिरासत में ले चुकी है। अब हरिकेश के परिवार में केवल उसकी बूढ़ी मां और दोनों बच्चे ही रह गए है। बूढ़ी मां पर ही दोनों बच्चों के पालन पोषण की जिम्मेदारी है।