
बरवाला में रविवार को व्यापारी एसोसिएशन बरवाला द्वारा आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में बरवाला क्षेत्र के अनेक प्रतिष्ठित व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में सभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने सम्मान समारोह में कहा कि बरवाला के व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों का प्रेम, स्नेह और सत्कार अतुलनीय है। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने बरवाला क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
उन्होंने कहा कि बरवाला हल्का तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है और इस क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी विकास योजनाओं पर विस्तृत अध्ययन किया जाए और हर कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कर रही है। कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बरवाला क्षेत्र की सभी विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जाए और इसमें गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
सम्मान समारोह के बाद कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा भाजपा जिला उपाध्यक्ष रणधीर सिंह धीरू के निवास पर पहुंचे, जहां उनके सम्मान में भोज कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने मंत्री का गुलदस्ते और शॉल भेंट कर जोरदार स्वागत किया।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष रणधीर सिंह धीरू ने कहा कि कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा के कुशल नेतृत्व में राज्य में कई बड़े विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने मंत्री को आश्वासन दिया कि भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।