राज्यसभा में नहीं भेजे जाने से नाराज चल रहे आम आदमी पार्टी हरियाणा की प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर के किसी भी समय पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है।
नई दिल्ली के एक होटल में अशोक तंवर की हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से करीब 25 मिनट मुलाकात हुई है। इस मुलाकात के बाद संभावना जताई जा रही है कि अशोक तंवर मकर संक्रांति के आसपास गले से आम आदमी पार्टी का पटका निकालकर भाजपा का भगवा पटका पहन सकते हैं।
निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा के कांग्रेस में लौटने के बाद डॉ. अशोक तंवर को लग रहा था कि आम आदमी पार्टी उन्हें दिल्ली से राज्यसभा में भेज देगी। इसलिए वह इंतजार करते रहे, लेकिन राज्यसभा में स्वाति मालीवाल को भेज देने के बाद अशोक तंवर ने आम आदमी पार्टी में रहने का अपना निर्णय बदल लिया।
हरियाणा कांग्रेस के प्रवक्ता रह चुके मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रचार सलाहकार तरुण भंडारी के माध्यम से मुख्यमंत्री और अशोक तंवर की नजदीकियां बढ़ी। तरुण भंडारी ने ही नई दिल्ली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के गुजरात वाइब्रेंट में शामिल होने जाने से पहले अशोक तंवर की उनसे एक होटल में मुलाकात कराई।