
बरवाला के गांव बधावड़ में एक मजदूर पर उसी के गांव के व्यक्ति ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना 9 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे की है। पीड़ित धर्मवीर ने बताया कि वह गांव के पप्पू के घर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में गांव का ही सन्नी नामक व्यक्ति मिला।
आरोपी ने पहले उसका रास्ता रोका और फिर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में धर्मवीर के सिर से खून बहने लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब पीड़ित ने बचाव के लिए शोर मचाया, तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने घटना की सूचना धर्मवीर के परिजनों को दी। परिवार वाले उसे पहले बरवाला के नागरिक अस्पताल ले गए, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उसे हिसार के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में पीड़ित का वहीं इलाज चल रहा है।
बरवाला पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी सन्नी के खिलाफ रास्ता रोकने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।