हिसार आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू:गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी का दीक्षांत समारोह 10 मार्च को, 561 शोधार्थियों को देंगी पीएचडी की डिग्री

हरियाणा के हिसार में गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) हिसार के छठें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शिरकत करेंगी। पहली बार जीजेयू में राष्ट्रपति आएंगी। इससे पहले वह 2023 में हिसार हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में आई थीं।

10 मार्च को वह दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगी। हरियाणा के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय व हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित प्रदेश के वरिष्ठ मंत्रीगण भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि राष्ट्रपति कार्यालय से इस संबंध में स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। विश्वविद्यालय राष्ट्रपति के आगमन को लेकर उत्साहित है। दीक्षांत समारोह किसी भी विश्वविद्यालय के लिए सबसे महत्वपूर्ण व गौरवपूर्ण आयोजन होता है। देश के सर्वोच्च नागरिक से उपाधि प्रात होना विद्यार्थियों व शोधार्थियों के लिए भी गौरव व गर्व की अनुभूति होगी।

दीक्षांत समारोह की तैयारियां शुरू, वीसी चंडीगढ़ पहुंचे दीक्षांत समारोह की तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं। उच्च अधिकारियों की बैठक की जा चुकी है और संबंधित कार्यों के लिए कमेटियां बना दी गई हैं। इस समारोह की तैयारियों को लेकर खुद वीसी आज चंडीगढ़ पहुंचे हैं।

वीसी प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि दीक्षांत समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के चौधरी रणबीर सिंह सभागार के मुख्य हॉल में होगा। दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय द्वारा पीएचडी, पोस्ट ग्रेजुएट व अंडर ग्रेजुएट की डिग्रियों के अतिरिक्त मेडल भी प्रदान किए जाएंगे। दीक्षांत समारोह का ओवरऑल संयोजन परीक्षा नियंत्रक कार्यालय द्वारा किया जाएगा।

561 पीएचडी शोधार्थियों दी जाएंगी डिग्रियां परीक्षा नियंत्रक प्रो. यशपाल सिंगला ने बताया कि दीक्षांत समारोह में 9 फरवरी 2018 से 31 दिसंबर 2024 तक अवॉर्ड की गई 561 पीएचडी की डिग्रियां संबंधित शोधार्थियों को प्रदान की जाएंगी। यूटीडी और पुराने इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट महाविद्यालयों के 326 विद्यार्थियों को मेडल्स प्रदान किए जाएंगे।

2017 से 2023 तक के पासआउट संबद्ध डिग्री, लॉ व शिक्षा कॉलेजों के 149 विद्यार्थियों को यूनिवर्सिटी मेडल्स प्रदान किए जाएंगे। दूरस्थ शिक्षा माध्यम से 2018 से 2023 के बीच पासआउट 89 विद्यार्थियों को दूरस्थ शिक्षा कोर्स मेडल प्रदान किए जाएंगे। यूटीडी के केवल मई 2024 पासआउट 1529 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। विश्वविद्यालय में गत दीक्षांत समारोह 2017 में हुआ था।

2 साल पहले भी हिसार आई थीं राष्ट्रपति

बता दें कि, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इससे पहले भी हिसार आई थीं। उन्होंने 2 साल पहले 2023 चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बतौर चीफ गेस्ट शिरकत की थी। इससे पहले 2003 में तत्कालीन राष्ट्रपति अब्दुल कलाम HAU के दीक्षांत समारोह में आए थे। इसके 20 साल बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हिसार आई थीं।

related news

  • +91 12345-67890
  • info@merablock.com
© 2025 Mera Block. all rights reserved